जशपुर – उड़ीसा से उत्तर प्रदेश तक गांजे की बड़ी खेप पहुंचाने की कोशिश को जशपुर पुलिस ने लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर नाकाम कर दिया। ऑपरेशन आघात के तहत एंटी नारकोटिक्स टीम और तपकरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में टाटा आईसर ट्रक से 632 किलो 380 ग्राम गांजा बरामद किया गया। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए ट्रक में ऊपर खाली बोतलों से भरी बोरियां रखी थीं और उनके नीचे गांजे के पैकेट छिपाए गए थे।
पुलिस के मुताबिक, 4 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर उड़ीसा की ओर से आने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान टाटा आईसर ट्रक क्रमांक UP-47-AT-9839 को संदेह के आधार पर रोका गया। ट्रक की तलाशी के दौरान ऊपर खाली बोतलों से भरी बोरियां मिलीं। लेकिन पुलिस टीम ने जब इन बोरियों को हटाकर नीचे की बोरियों की जांच की तो पूरा मामला खुल गया।
नीचे रखी बोरियों में टेप से लिपटे पैकेट बरामद हुए। जांच करने पर इनमें गांजा पाया गया। गवाहों की मौजूदगी में की गई कार्रवाई में 20 बोरियों से 597 पैकेट बरामद हुए, जिनका कुल वजन 632.380 किलो निकला।
पुलिस ने ट्रक में मौजूद व्यक्ति को हिरासत में लेकर गांजे से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पूछताछ में उसकी पहचान विनोद कुमार गुप्ता (42), निवासी बेरिया खलीलपुर, थाना देहात कोतवाली, जिला बहराईच, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गांजा उड़ीसा से लेकर उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने गांजा, तस्करी में इस्तेमाल ट्रक, दो मोबाइल फोन और 3 हजार रुपये नकद जब्त कर लिए।
बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 3 करोड़ 16 लाख 19 हजार रुपये बताई गई है। वहीं ट्रक की कीमत करीब 25 लाख रुपये और मोबाइल की कीमत लगभग 25 हजार रुपये है। नकदी समेत इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 3 करोड़ 41 लाख 47 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
मामले में थाना तपकरा में अपराध क्रमांक 87/2026, धारा 20(बी)(ii)(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
सिर्फ तस्कर पकड़ना नहीं, पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की तैयारी
जशपुर पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी गांजे की खेप उड़ीसा में कहां से खरीदी गई, उत्तर प्रदेश में इसे किसे पहुंचाया जाना था और इस पूरे तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ने मामले में एंड-टू-एंड विवेचना शुरू कर दी है। यानी कार्रवाई अब सिर्फ ट्रक चालक की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहने वाली, बल्कि सप्लायर से लेकर रिसीवर तक पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।
दो दिन में दूसरी बड़ी खेप, बॉर्डर पर बढ़ी निगरानी
जशपुर पुलिस की यह लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 2 अक्टूबर को भी लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर 440.630 किलो गांजा बरामद किया गया था और दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया था। महज दो दिन के भीतर लगातार दो बड़ी कार्रवाई से उड़ीसा सीमा से होने वाली गांजा तस्करी पर पुलिस की निगरानी और कार्रवाई का अंदाजा लगाया जा सकता है।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। उनके मुताबिक, पुलिस टीम की सतर्कता और बेहतर समन्वय से 6 क्विंटल से अधिक गांजा पकड़ा गया है। उन्होंने बताया कि तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों को नगद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
इस कार्रवाई में डीएसपी शुभम तिवारी, एसडीओपी कुनकुरी विनोद कुमार मंडावी, थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक त्रिलोक प्रधान सहित एंटी नारकोटिक्स टीम और तपकरा पुलिस के अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जशपुर पुलिस की कार्रवाई ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि उड़ीसा सीमा से नशे की खेप लेकर गुजरने वाले तस्करों के लिए लावाकेरा अब आसान रास्ता नहीं रह गया है।
