रायपुर – गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के रामनगर स्थित श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स में दीवार में छेद कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात का मुख्य आरोपी विशाल सचदेव बताया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल वाहन समेत करीब 14.51 लाख रुपये का माल बरामद किया गया है। वहीं घटना में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, ज्वेलर्स संचालक सुनील जैन 29 सितंबर की रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब 10:30 बजे दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए। दुकान की दाहिनी तरफ की दीवार में बड़ा छेद था, प्लाई गिरी हुई थी और फर्नीचर अस्त-व्यस्त था। डिस्प्ले में रखे सोने-चांदी के आभूषण भी गायब थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त उत्तर जोन दीपमाला कश्यप की निगरानी में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा रामनगर पुलिस चौकी की संयुक्त टीम गठित की गई।
हजारों CCTV फुटेज खंगाले, ऐसे पहुंची पुलिस आरोपियों तक
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के हजारों फुटेज खंगाले। संदिग्धों और वाहनों की आवाजाही, उनके संभावित रास्तों और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। इसके साथ ही मुखबिरों को सक्रिय कर चोरी की पुरानी वारदातों में शामिल आरोपियों तथा हाल में जेल से बाहर आए संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई।
इन्हीं सुरागों को जोड़ते हुए पुलिस ने विशाल सचदेव और सूरज ढीमर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने एक अन्य साथी के साथ मिलकर ज्वेलर्स में चोरी करना स्वीकार किया।
कर्ज के दबाव में बनाई चोरी की साजिश
पुलिस के अनुसार, घटना का मास्टरमाइंड विशाल सचदेव है। उसने महासमुंद में बर्फ की फैक्ट्री शुरू की थी, जिसके लिए उसने लाखों रुपये का कर्ज लिया था। फैक्ट्री नहीं चलने से उसे आर्थिक नुकसान हुआ और कर्ज देने वालों की ओर से पैसों की मांग बढ़ती गई।
इसी आर्थिक परेशानी के बीच विशाल ने अपनी फैक्ट्री में काम करने वाले सूरज ढीमर और एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई। आरोपियों ने पहले कई ज्वेलर्स दुकानों की रेकी की और रामनगर स्थित श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स को निशाना बनाया।
दो रात में पूरी की वारदात
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने 26-27 सितंबर की दरम्यानी रात दुकान की दीवार में आधा छेद किया, लेकिन उस रात चोरी को अंजाम नहीं दिया। इसके बाद 29-30 सितंबर की रात आरोपी दोबारा दुकान के पास पहुंचे। पहले से किए गए छेद को बड़ा किया और दुकान के भीतर दाखिल होकर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी की संपूर्ण मशरूका, जिसमें सोने के आभूषण, चांदी के आभूषण और आर्टिफिशियल ज्वेलरी शामिल हैं, बरामद की है।
बरामद सामान में करीब 50 हजार रुपये के सोने के आभूषण, 3.5 किलोग्राम चांदी के आभूषण जिनकी कीमत करीब 7.91 लाख रुपये, 10 हजार रुपये के आर्टिफिशियल आभूषण, घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार CG 04 MT 8303 और बिना नंबर की एक्टिवा शामिल है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 14.51 लाख रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल सचदेव (38), निवासी आजाद चौक रायपुर और सूरज ढीमर (32), निवासी जबलपुर, मध्यप्रदेश, हाल निवासी महासमुंद के रूप में हुई है। मामले में फरार तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गुढ़ियारी थाना अपराध क्रमांक 430/26, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।
