रायपुर – राजधानी रायपुर के सदर बाजार स्थित ज्वेलरी दुकान में करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। नगर निगम के आवास विभाग में कार्यरत होने का झांसा देकर ज्वेलरी कारोबारी का विश्वास जीतने और फिर सोने, चांदी एवं हीरे के आभूषण लेकर भुगतान के नाम पर गलत हस्ताक्षर वाले चेक देने के आरोप में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। मामले में दूसरी महिला आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, धोखाधड़ी से प्राप्त आभूषणों की कुल कीमत 1 करोड़ 88 लाख 37 हजार 630 रुपये है।
पहले दिया सोना और नकदी, फिर करोड़ों के आभूषण लेकर थमाया चेक
पुलिस के अनुसार, भाठागांव निवासी रिखब बरडिया की सदर बाजार में विधी ज्वेलर्स एंड बुलियन नाम से दुकान है। 24 अगस्त 2026 को किरण साहू अपनी एक महिला साथी के साथ दुकान पहुंची। उसने खुद को नगर निगम के आवास विभाग में कार्यरत बताया और कारोबारी का विश्वास जीत लिया।
आरोप है कि दोनों महिलाओं ने पहली बार में करीब 37 लाख रुपये के आभूषण लिए। इसके बदले 250 ग्राम सोने का बिस्कुट और 7 लाख रुपये नकद दिए गए, जबकि शेष 15 लाख रुपये के भुगतान के लिए चेक सौंपा गया।
इसके दो दिन बाद, 26 अगस्त को दोनों महिलाएं फिर दुकान पहुंचीं और करीब 1.73 करोड़ रुपये के सोने, चांदी एवं हीरे के आभूषण ले गईं। इस बार भुगतान के एवज में 1,73,37,630 रुपये का चेक दिया गया। दोनों ने कारोबारी को भरोसा दिलाया कि दो-तीन दिनों के भीतर सोने के बिस्कुट उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
बैंक में चेक जमा करते ही खुला मामला
कारोबारी ने 1 सितंबर को 15 लाख रुपये का चेक बैंक में जमा किया, लेकिन गलत हस्ताक्षर होने के कारण चेक अनादरित हो गया। इसके बाद जब किरण साहू से संपर्क कर भुगतान की मांग की गई, तो वह कथित तौर पर टालमटोल करने लगी। न तो रकम का भुगतान किया गया और न ही आभूषणों का हिसाब दिया गया।
इसके बाद कारोबारी ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने किरण साहू और उसकी साथी के खिलाफ अपराध क्रमांक 402/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 318(4), 336(3), 338, 340(2) और 61(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
क्राइम यूनिट और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल ने आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली दीपक मिश्रा के नेतृत्व में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच आगे बढ़ाई।
पुलिस के मुताबिक, पतासाजी के बाद आरोपी किरण साहू को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपनी साथी के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और धोखाधड़ी से प्राप्त आभूषणों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
दूसरी आरोपी की तलाश जारी: मामले में शामिल दूसरी महिला अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। गिरफ्तार आरोपी किरण साहू (28), पति गोपाल साहू, मजदूर नगर सरोरा, थाना उरला, जिला रायपुर की निवासी है। पुलिस की आगे की जांच में आभूषणों की बरामदगी और फरार आरोपी की गिरफ्तारी पर नजर रहेगी।
