छत्तीसगढ़ – राजधानी रायपुर में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए टिकरापारा थाना क्षेत्र में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 32 पौवा देशी मसाला शराब जब्त की है, जिसकी कुल मात्रा 5,760 एमएल और अनुमानित कीमत 3,200 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर को टिकरापारा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लालपुर की ओर से शहर के अंदर जाने वाले रास्ते पर एक युवक प्लास्टिक की बोरी में अवैध देशी शराब रखकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान अकांश कुरे (20 वर्ष), पिता स्वर्गीय घनश्याम कुरे, निवासी ईश्वर नगर, थाना टिकरापारा, रायपुर के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अवैध रूप से देशी शराब बेचने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसके कब्जे से 32 पौवा देशी मसाला शराब, प्रत्येक 180 एमएल, जब्त की गई।
इस मामले में थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 975/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
शराब सप्लाई करने वालों की तलाश जारी
पुलिस अब आरोपी से शराब के स्रोत के संबंध में पूछताछ कर रही है। साथ ही, अवैध शराब की सप्लाई करने वाले अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए लगातार गश्त, पेट्रोलिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) रॉबिन्सन गुड़िया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त न्यू राजेंद्र नगर नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी टिकरापारा निरीक्षक राजेश सिंह के नेतृत्व में की गई।
टिकरापारा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब की बिक्री या तस्करी से संबंधित जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
