रायपुर – राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और ‘नशामुक्त भारत, सशक्त भारत’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने सराहनीय पहल की है। राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली के रायपुर पहुंचने पर अभिनंदन समारोह एवं नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा तैयार ‘ड्रग फ्री छत्तीसगढ़’ जागरूकता वीडियो सॉन्ग का विमोचन किया गया। साथ ही, नशे के अवैध कारोबार की सूचना देने के लिए पुलिस ने विशेष हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया।
विमतारा हॉल, मधु पिल्लै चौक, सिविल लाइंस में आयोजित कार्यक्रम में रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा और पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला, डीसीपी नॉर्थ दीपमाला कश्यप, डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा तथा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के राज्य प्रमुख अनिल कुमार भी शामिल हुए।
इससे पहले 16 अक्टूबर को तेलीबांधा स्थित मरीन ड्राइव पर राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली का स्वागत किया गया था। 17 अक्टूबर को आयोजित अभिनंदन समारोह में नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने पर विशेष जोर दिया गया।

युवाओं को दिया नशे से दूर रहने का संदेश
पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा, “नशा करना ही है, तो जिम्मेदारी और कर्तव्यों के प्रति समर्पण का नशा करें; नशे को कहें ‘ना’।” उन्होंने नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के साथ जनजागरूकता और सामाजिक सहभागिता को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने नागरिकों से अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने युवाओं से नशे से दूर रहकर परिवार और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम 10 लोगों को नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने का संकल्प लेने की अपील की, ताकि यह अभियान व्यापक जनआंदोलन का रूप ले सके।
‘ड्रग फ्री छत्तीसगढ़’ वीडियो सॉन्ग से बढ़ेगी जागरूकता
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा तैयार आधिकारिक ‘ड्रग फ्री छत्तीसगढ़’ वीडियो सॉन्ग जारी किया गया। इसका उद्देश्य युवाओं को प्रभावी और रचनात्मक माध्यम से नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है।

कार्यक्रम में महिला स्वयंसेवी संस्थाओं, मार्शल आर्ट्स के विद्यार्थियों और महाविद्यालयीन युवाओं ने देशभक्ति गीतों एवं विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से सहभागिता की। इससे आयोजन को जनभागीदारी और सामाजिक जागरूकता का व्यापक स्वरूप मिला।
ओडिशा और छत्तीसगढ़ के बाइक राइडर्स सम्मानित
राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और नशामुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में योगदान के लिए ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस के बाइक राइडर्स को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। ओडिशा दल के नेतृत्वकर्ता इंस्पेक्टर समर्थ और छत्तीसगढ़ पुलिस दल के नेतृत्वकर्ता रवींद्र गिरी ने रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के प्रति आभार व्यक्त किया। दोनों दलों ने राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
नशे के अवैध कारोबार की सूचना के लिए हेल्पलाइन जारी
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने नागरिकों से नशे के खिलाफ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। मादक पदार्थों की तस्करी, खरीद-बिक्री या NDPS एक्ट से संबंधित अवैध गतिविधियों की गोपनीय सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर 9479211933 जारी किया गया है।

पुलिस की इस पहल का उद्देश्य नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ युवाओं को सुरक्षित भविष्य की ओर प्रेरित करना है। राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली और जागरूकता कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है।
