गरियाबंद – दीपावली की खुशियां एक परिवार के लिए जिंदगी का सबसे बड़ा दुख बन गईं। जिले में दीपावली की देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पत्रकार समेत एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। राजिम के पास टीला एनीकट में एक कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। हादसे में कार सवार पति-पत्नी और उनके बेटे-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद गरियाबंद जिले के ग्राम पसौद में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा दीपावली की रात करीब 11 से 12 बजे के बीच चंपारण थाना क्षेत्र के राजिम स्थित टीला एनीकट के पास हुआ। पत्रकार शीतल साहू अपने परिवार के साथ दीपावली का त्योहार मनाने रायपुर आए थे। देर रात रायपुर से अपने गृहग्राम पसौद लौटते समय उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे एनीकट के पानी में जा गिरी। देखते ही देखते पूरा परिवार मौत के आगोश में समा गया।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान पत्रकार शीतल साहू, उनकी पत्नी भारती साहू, 19 वर्षीय बेटे विकास साहू और 21 वर्षीय बेटी पूर्वा साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कार पर ‘मीडिया एग्जीक्यूटिव’ लिखा हुआ था। एक ही परिवार के चार सदस्यों की असमय मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से कार सवारों के शवों को बाहर निकाला गया। गोबरा नवापारा पुलिस द्वारा शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की गई। वहीं पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार किस वजह से अनियंत्रित हुई और नदी में कैसे जा गिरी।
दीपावली की रात जिस घर में खुशियों के दीप जल रहे थे, वहां अब मातम पसरा है। माता-पिता के साथ जवान बेटे और बेटी की एक साथ मौत की खबर से ग्राम पसौद में हर आंख नम है। एक ही परिवार के चार सदस्यों की दर्दनाक विदाई ने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है।
