रायपुर – छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कथित कोयला घोटाले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। जांच एजेंसी EOW ने कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को स्थायी वारंट के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है।
जांच एजेंसी का दावा है कि कथित कोयला घोटाले के आरोपी सूर्यकांत तिवारी की जब्त डायरी में ‘कांग्रेस भवन‘ के नाम करोड़ों रुपये की एंट्री दर्ज है। EOW का आरोप है कि इस कथित रकम का संबंध रामगोपाल अग्रवाल तक भी पहुंचता है, जिसे लेकर उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है।
यहीं नहीं, EOW शराब घोटाले से जुड़े कथित वित्तीय लेन-देन पर भी रामगोपाल अग्रवाल से सवाल-जवाब कर रही है। एजेंसी के मुताबिक आरोपी अनवर ढेबर और उसके सहयोगियों से जुड़े लेन-देन, धान मामले में रोशन चंद्राकर से जुड़े इनपुट, वित्तीय ट्रांजैक्शन, संपर्क और भूमिका की भी जांच की जा रही है।
इससे पहले EOW रामगोपाल अग्रवाल के बेटे वैभव अग्रवाल से भी दो दिनों तक पूछताछ कर चुकी है। जांच एजेंसी का कहना है कि जब्त दस्तावेज, डिजिटल साक्ष्य और डायरी में दर्ज तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
EOW का कहना है कि पूछताछ पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस कार्रवाई के बाद प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होने की संभावना है।
