रायपुर – राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की हाईवे पेट्रोलिंग टीम लगातार सक्रिय है। वर्ष 2026 के जनवरी से जून तक हाईवे पेट्रोलिंग ने 55 सड़क दुर्घटनाओं में त्वरित कार्रवाई करते हुए 52 घायल लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचाया, जिससे कई लोगों की जान बचाई जा सकी।
डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में संचालित हाईवे पेट्रोलिंग टीम दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का कार्य कर रही है। सड़क सुरक्षा के साथ मानवीय सेवा को प्राथमिकता देते हुए टीम लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जनवरी से जून तक अभियान चलाकर 6,359 अवैध पार्किंग में खड़े वाहनों को हटाया गया, जबकि 833 मवेशियों को सड़क से सुरक्षित हटाया गया। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम की स्थिति कम हुई और आवागमन अधिक सुरक्षित बना।
सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और सशक्त बनाने के लिए पुलिस मुख्यालय ने जून माह में यातायात पुलिस रायपुर को चार नए अत्याधुनिक हाईवे पेट्रोल वाहन उपलब्ध कराए हैं। इन वाहनों में आपातकालीन उपकरण उपलब्ध हैं, जिससे दुर्घटना स्थल तक तेजी से पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
बेहतर निगरानी और त्वरित रिस्पॉन्स के लिए खारुन नदी पुल से महानदी पुल तक राष्ट्रीय राजमार्ग-53 को चार सेक्टरों में विभाजित कर 24×7 हाईवे पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में हाईवे पेट्रोलिंग टीम को तत्काल सूचना दें।
