रायपुर – छत्तीसगढ़ सरकार ने भारतीय वन सेवा (IFS) के अधिकारियों में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 7 अधिकारियों के तबादले एवं नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। प्रशासनिक आधार पर जारी इस आदेश में कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। शासन के अनुसार सूची में शामिल पहले तीन अधिकारियों की नई पदस्थापना 31 जुलाई 2026 से प्रभावी होगी।

जारी आदेश के मुताबिक संजीता गुप्ता को छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ का प्रभारी प्रबंध संचालक नियुक्त किया गया है। वहीं एस. वेंकटाचलम को प्रतिनियुक्ति पर कार्यकारी संचालक, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अमरनाथ प्रसाद, जो वर्तमान में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में सचिव हैं, उन्हें उनके मौजूदा दायित्वों के साथ छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
वहीं प्रतिनियुक्ति से वापस बुलाए गए अभिषेक कुमार सिंह को प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख कार्यालय में वन संरक्षक (Conservator of Forests) के पद पर पदस्थ किया गया है।

सरकार ने गुरुनाथन एन. को उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व का प्रभारी मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं क्षेत्र संचालक नियुक्त किया है। वहीं प्रणय मिश्रा को गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व का प्रभारी मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं क्षेत्र संचालक बनाया गया है। साथ ही उन्हें प्रोजेक्ट एलीफैंट का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
इसके अलावा रमेश कुमार जांगड़े को छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम में क्षेत्रीय महाप्रबंधक का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
राज्य सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को वन विभाग की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारियों से विभागीय योजनाओं और वन संरक्षण कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
