रायपुर – सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रायपुर यातायात पुलिस ने नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। रविवार रात चलाए गए विशेष अभियान में शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर जांच के दौरान 42 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़े गए, जिनके खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत तत्काल वैधानिक कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा सहायक पुलिस आयुक्त सतीष कुमार ठाकुर के नेतृत्व में शहर के 9 प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर आधुनिक ब्रीथ एनालाइजर मशीनों से जांच अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान 20 कार, 7 पिकअप, 4 दोपहिया वाहन, 10 ट्रक और 1 ऑटो मैजिक चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक ड्रंक एंड ड्राइव के कुल 3753 मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान केवल चालान काटने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी प्रयास है।
डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि शराब या किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन करने के बाद वाहन बिल्कुल न चलाएं। ऐसी स्थिति में सार्वजनिक परिवहन, टैक्सी या परिवार के किसी सदस्य की सहायता लें। उन्होंने कहा कि नशे में वाहन चलाना न केवल चालक बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
