रायपुर – स्कूली बच्चों की जान जोखिम में डालकर ऑटो में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी कर बच्चों का परिवहन करने वाले 17 ऑटो चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही वाहन चालकों को निर्धारित सीट क्षमता के अनुसार ही बच्चों को बैठाने की सख्त हिदायत दी गई।

क्षमता से ज्यादा बच्चे, हादसों को खुला न्योता!
स्कूल आने-जाने के लिए ऑटो का इस्तेमाल करने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने जांच अभियान तेज कर दिया है। जांच के दौरान ऐसे ऑटो चालकों पर कार्रवाई की गई, जो निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर परिवहन कर रहे थे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान चालकों को चेतावनी दी गई कि ऑटो में तय सीट क्षमता के अनुरूप ही बच्चों को बैठाएं। चालक की सीट के अगल-बगल बच्चों को बैठाने से भी सख्त मना किया गया, क्योंकि इससे चालक को वाहन चलाने में परेशानी होती है और दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।

अभिभावक और स्कूल प्रबंधन भी रहें सतर्क
यातायात पुलिस ने अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से अपील की है कि बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने वाले ऑटो एवं अन्य वाहनों की क्षमता और सुरक्षा मानकों की जांच जरूर करें। बच्चों को ऐसे वाहनों में न भेजें, जिनमें क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया जाता है या यातायात नियमों का उल्लंघन किया जाता है।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने साफ किया है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ जांच और वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अब देखना होगा कि इस अभियान के बाद स्कूली ऑटो चालक नियमों का कितना पालन करते हैं और बच्चों के सुरक्षित आवागमन को लेकर कितनी गंभीरता दिखाते हैं।
